उत्तराखंड: यहां पेड़ पर चढ़ा 16 फुट लंबा विशालकाय अजगर, 6 घंटे बाद रेस्क्यू, वनकर्मियों से छूटे पसीने
खबर शेयर करें –
पेड़ पर चढ़ा 16 फुट लंबा विशालकाय अजगर, 6 घंटे बाद रेस्क्यू, वनकर्मियों से छूटे पसीने
पहले विशालकाय अजगर दीवार पर चल रहा था. जिसके बाद करीब ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया.


हरिद्वार: शहर में शनिवार सुबह करीब 16 फुट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई देने से लोगों में अफरा तफरी मच गई. अजगर पहले एक दीवार पर रेंगता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद करीब 40 फुट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर बैठ गया. पेड़ पर अजगर को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया.
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब दस बजे निर्मल बाग कॉलोनी के पास दीवार पर चल रहे लोगों की नजर एक अजगर पर पड़ी. पास में ही जंगल से निकलकर विशालकाय अजगर दीवार पर चढ़ गया. मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
हरिद्वार में विशालकाय अजगर
लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही अजगर दीवार से होते हुए करीब 40 फुट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया. इतनी ऊंचाई पर पेड़ की शाखाओं के बीच बैठे अजगर को देखकर लोगों और वनकर्मियों की चिंता बढ़ गई.
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को दूर किया. जिसके बाद रेस्क्यू की तैयारी शुरू की. अजगर काफी ऊंचाई पर होने के कारण उसे नीचे उतारना आसान नहीं था. टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया. पेड़ की कई डालियां काटी गई. करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया. इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की कार्रवाई की गई.
रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया अजगर बहुत लंबा था. सुबह करीब दस बजे लोगों ने उसे देखा था. पहले वह दीवार पर चल रहा था, जिसके बाद करीब ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया. वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगातार प्रयास किए. कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब चार बजे अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया. उन्होंने बताया कि रेस्क्यू के दौरान लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया. अजगर को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया.
