खबर शेयर करें –
खांसी, जुकाम और बुखार है तो बच्चों को स्कूल न भेजें, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
देहरादून। उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि बच्चे को खांसी, जुकाम या बुखार जैसे लक्षण हैं तो उसे स्कूल न भेजें और चिकित्सकीय सलाह लें।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा के अनुसार स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों को लक्षणों की गंभीरता के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। श्रेणी-ए में हल्का बुखार, खांसी और गले में खराश वाले मरीजों को घर पर आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है। श्रेणी-बी में तेज बुखार और अधिक खांसी होने पर घर में आइसोलेशन के साथ चिकित्सक की सलाह लेने को कहा गया है।
वहीं श्रेणी-सी में सांस फूलने, बेचैनी और लो ब्लड प्रेशर जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने पर मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के आठ नए मामले सामने आए। अब तक 565 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 485 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 78 सक्रिय मामले हैं।
इसी दौरान डेंगू के भी पांच नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 383 नमूनों की जांच की, जिसके बाद जिले में डेंगू के कुल मामलों की संख्या 189 हो गई है। इनमें से 166 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
