खबर शेयर करें –
रामनगर: रामनगर-रानीखेत मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुमेरिया और सौराल के बीच एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पहाड़ी की ओर जा गिरा। नीचे गिरने के बाद डंपर एक पेड़ से टकरा गया। हादसे में चालक वाहन और पेड़ के बीच बुरी तरह फंस गया….जिससे उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। चालक को वाहन से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम ने कटर की मदद से डंपर को काटकर शव निकालने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई और राहत-बचाव अभियान चलाया।


भतरौजखान थाने के एसओ अवनीश कुमार ने बताया कि पुलिस को रविवार सुबह हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान जसवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गजार, तहसील चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद रामनगर-रानीखेत मार्ग की स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से संकरी और कई जगहों पर खराब हालत में है। सड़क के चौड़ीकरण की मांग भी काफी समय से उठाई जाती रही है। कई स्थानों पर गड्ढे और संकरी सड़क होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रामनगर-रानीखेत मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर समय-समय पर सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से आश्वासन दिए जाते रहे हैं…लेकिन अभी तक इसका असर पूरी तरह जमीन पर दिखाई नहीं दिया है। सड़क की खराब स्थिति के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
रविवार को हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क की सुरक्षा और चौड़ीकरण के मुद्दे को सामने ला दिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
