नैनीताल में 26 सितंबर को रेड अलर्ट! डीएम ने ट्रेकिंग पर लगाई रोक, इन जगहों पर खास निगरानी

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में मौसम को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली, तेज झोंकेदार हवाओं और बहुत तेज से अत्यंत तेज बारिश का दौर आने की संभावना जताई गई है। इस दिन जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ADVERTISEMENTS

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और गधेरों के आसपास न जाएं। बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करें और घर से निकलने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को इन इलाकों में रहने वाले लोगों को नदी-नालों और गधेरों की ओर नहीं जाने के लिए लगातार जागरूक करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश दिए हैं। भारी बारिश की अवधि में ट्रेकर्स को ट्रेकिंग की अनुमति नहीं देने को कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य खराब मौसम के दौरान दुर्घटना की आशंका को कम करना है।

डीएम ने आपदा प्रबंधन-आईआरएस प्रणाली के तहत नामित सभी जिला और तहसील स्तर के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे।

चौकी और थानों को भी आपदा से जुड़े उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ तैयार रहने को कहा गया है। इस दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं।

भारी बारिश के कारण एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, एडीबी या किसी अन्य मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में उसे जल्द से जल्द खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं।

भूस्खलन की आशंका वाले मार्गों पर पहले से ही जरूरी मशीनरी और उपकरण तैयार रखने को कहा गया है…ताकि सड़कें ज्यादा समय तक बंद न रहें।

आपदा या दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कहीं लोग फंसते हैं तो उनके लिए भोजन और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था करने को कहा गया है।

असामान्य मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर भी रोक रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर और प्रभावित क्षेत्रों में नालियों तथा कलवर्टों में मौजूद अवरोधों को हटाने को कहा गया है…ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके और जलभराव की स्थिति कम हो।

डीएम ने अधिकारियों को बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट और अन्य जरूरी उपकरण अपने वाहनों में रखने के निर्देश दिए हैं। आपदा की स्थिति में संबंधित तहसील आपदा कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के बीच तत्काल सूचना का आदान-प्रदान किया जाएगा।

किसी भी आपदा या दुर्घटना की सूचना तत्काल संबंधित नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई है।

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष: 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181 टोल फ्री: 1077 मोबाइल: 8272080884

राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष: 0135-2710335, 0135-2710334 टोल फ्री: 1070

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब रहने के दौरान अनावश्यक जोखिम न लें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

ADVERTISEMENTS

Leave A Reply

Your email address will not be published.