गल्ले तोड़े, नकदी उड़ाई और AC आउटर ले गए…हल्द्वानी में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

हल्द्वानी: हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में मैरिज हॉल में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर 2026 को मो. अमान निवासी किदवई नगर बनभूलपुरा ने थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि शनि बाजार रोड पर रेलवे फाटक के पास स्थित हुसैनी बैंकट हॉल के दोनों गल्ले तोड़कर उनमें रखी करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा मैरिज हॉल के पीछे से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे।

शिकायत के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने सुरागरसी और जांच के बाद 27 सितंबर 2026 को दो आरोपियों को गोला बायपास रोड पर हिमालयन स्कूल के सामने बनी पुलिया के नीचे से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. तौफीक, उम्र 25 वर्ष और मौ. मुस्तफा, उम्र 26 वर्ष के रूप में की है। दोनों बनभूलपुरा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से ब्लू स्टार कंपनी के तीन इन्वर्टर एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2)/3(5) की बढ़ोतरी की गई है।

इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई कार्रवाई बताया गया है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोज कुमार यादव, अपर उप निरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS

Leave A Reply

Your email address will not be published.