खबर शेयर करें –
हल्द्वानी। हल्द्वानी के मीडिया सेंटर में स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि दी गई। पत्रकारों ने उनके निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोक सभा के दौरान पत्रकारों ने सामूहिक रूप से एक प्रस्ताव रखा। इसमें हल्द्वानी के ब्लॉक में बन रहे नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने की मांग की गई। पत्रकारों ने कहा कि सूचना विभाग में रहते हुए गिरिजा शंकर जोशी का पत्रकारों के साथ जुड़ाव रहा और उनके योगदान को याद रखने के लिए मीडिया सेंटर का नाम उनके नाम पर रखा जाना उचित होगा।


मुख्यमंत्री धामी ने भी जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर फोन के माध्यम से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मीडिया सेंटर का नाम उनके नाम पर रखने के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने उनके परिवार को हर संभव सहयोग देने की बात भी कही।
अधिकारियों और पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि
शोक सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एडीएम विवेक राय और एसडीएम रेखा कोहली समेत कई पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन पर दुख जताया।
पत्रकारों की ओर से रखे गए प्रस्ताव के बाद अब नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने को लेकर आगे की प्रक्रिया और निर्णय पर नजर रहेगी।
