खबर शेयर करें –
रुड़की। ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार देर रात नगला इमरती के पास पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया…जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


अमन की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में शामिल संदिग्ध बाइक से नगला इमरती की तरफ जा रहे हैं। इसके बाद सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देखकर बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की…जिसमें सौरभ के पैर में गोली लगी। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पुलिस के अनुसार घायल सौरभ ने पूछताछ में बताया कि शुक्रवार रात अमन की हत्या तीनों आरोपियों ने मिलकर की थी। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है।
मौके से पुलिस ने बाइक और कुछ अन्य सामान भी बरामद किया है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अब घायल आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। साथ ही फरार दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
