उत्तराखंड: यूनिफॉर्म और किताबें हो रहीं खराब, जलभराव से परेशान बच्चों ने नगर निगम में लगाई कक्षा

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

रुड़की। बारिश के बाद कृष्णानगर क्षेत्र में जलभराव ने स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रास्तों पर पानी जमा होने के कारण बच्चों का स्कूल पहुंचना कठिन हो गया। समस्या को लेकर स्कूली बच्चों और क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी परेशानी सामने रखी।

जलभराव के कारण प्रभावित स्कूल के बच्चों ने नगर निगम कार्यालय में ही कक्षा लगाई। इस दौरान बच्चों ने अधिकारियों को बताया कि बारिश के दिनों में स्कूल तक पहुंचने के लिए उन्हें पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे उनकी यूनिफॉर्म, जूते और किताबें तक खराब हो जाती हैं।

ADVERTISEMENTSAdAd

कई बच्चों ने कहा कि बरसात के दौरान स्कूल जाना उनके लिए रोज की चुनौती बन गया है। लंबे समय से जलभराव की समस्या का समाधान नहीं होने से पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

बच्चों और स्थानीय लोगों की समस्या सामने आने के बाद नगर निगम अधिकारियों ने क्षेत्र में टैंकर भेजकर पानी निकालने की कार्रवाई शुरू कराई। अधिकारियों की ओर से तत्काल जलभराव कम करने का प्रयास किया गया।

हालांकि स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने कहा कि केवल पानी निकालने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उनका कहना है कि कृष्णानगर में बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए स्थायी व्यवस्था जरूरी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार हर बारिश में क्षेत्र में पानी भर जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ आम लोगों का आवागमन भी प्रभावित होता है।

स्कूल प्रबंधन और क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जल निकासी की बेहतर व्यवस्था करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.