उत्तराखंड: बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग तेज, धूप में भी जारी रही जनजागरण पदयात्रा

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

बिंदुखत्ता। बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों का जनजागरण अभियान लगातार जारी है। बुधवार को भी तेज धूप के बीच सैकड़ों लोगों ने पदयात्रा में हिस्सा लिया और घर-घर जाकर लोगों को आंदोलन की जानकारी दी।

पदयात्रा की शुरुआत इंदिरा नगर-2 स्थित मां हाटकालिका मंदिर से हुई। इसके बाद लोग इंदिरानगर गब्दा स्थित मंदिर तक पहुंचे…जहां पदयात्रा का समापन किया गया।

ADVERTISEMENTSAdAd

इस अभियान में वन अधिकार संगठन, पूर्व सैनिक संगठन, राज्य आंदोलनकारी और विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।

पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों से बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग को मजबूत करने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि इस मांग का संबंध क्षेत्र के विकास, पंचायत व्यवस्था और मूलभूत नागरिक सुविधाओं से है।

आयोजकों के मुताबिक पदयात्रा का उद्देश्य बिंदुखत्ता के प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों को आंदोलन से जोड़ना और मांग के समर्थन में जनमत तैयार करना है।

आयोजकों ने बताया कि यह जनजागरण पदयात्रा आगे भी बिंदुखत्ता के अलग-अलग क्षेत्रों में जारी रहेगी। मौसम की चुनौती के बावजूद अभियान को जारी रखने की बात कही गई है।

आंदोलन के तहत 27 सितंबर को शहीद स्मारक स्थल पर बड़ी जनसभा और रैली आयोजित करने की भी घोषणा की गई है। आयोजकों का कहना है कि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़कर राजस्व ग्राम की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।

पदयात्रा में वन अधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, पदयात्रा संयोजक दीपक जोशी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.