खबर शेयर करें –
देहरादून। त्योहारों के सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने मिलावट, जमाखोरी और खाद्य सामग्री की अनियमित बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में सरकारी टीमें बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं।
जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं…जबकि अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी मंडलायुक्तों को दी गई है। सोमवार को भी कई जिलों में खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने दुकानों का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।


एक्सपायरी सामान मिलने पर कार्रवाई
जांच के दौरान कई जगह एक्सपायरी और खराब खाद्य सामग्री मिलने पर उसे नष्ट कराया गया। कुछ दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए गए। टीमों की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।
चमोली में तीन खाद्य सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए। दो दुकानदारों को एक्सपायरी सामान मिलने पर नोटिस दिया गया और संबंधित सामग्री नष्ट कराई गई। दो कंपनियों के उत्पादों की पैकेजिंग और लेबलिंग में भी मानकों का पालन नहीं मिला।
रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। छह दुकानों पर एक्सपायरी सामान मिलने के बाद उसे नष्ट कराया गया और दुकानदारों को चेतावनी दी गई।
देहरादून में 11 सैंपल लिए गए
देहरादून में सोमवार को 11 खाद्य नमूने लिए गए। तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी गई। जिले में एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसके अलावा सर्वे के लिए 20 सैंपल लिए गए और 11 दुकानदारों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए। चार मामले एडीएम कोर्ट में भी दर्ज कराए गए हैं।
हरिद्वार में 17 अगस्त से चल रहे अभियान के तहत अब तक 47 प्रतिष्ठानों की जांच और 27 सैंपल लिए गए हैं। 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं और चार मामले विभिन्न न्यायालयों में दर्ज कराए गए हैं।
पहाड़ी जिलों में भी कार्रवाई
अल्मोड़ा में मिठाइयों के दो सैंपल लिए गए। बागेश्वर में आठ प्रतिष्ठानों की जांच कर तीन सैंपल लिए गए। पिथौरागढ़ में दो सैंपल लिए गए हैं। वहीं चंपावत में एक अगस्त से अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया गया है और 10 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पौड़ी में सोमवार को 10 सैंपल लिए गए, जिनमें छह जांच के लिए लैब भेजे गए। नैनीताल में 10 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। एक दुकान में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर नोटिस दिया गया, जबकि मानकों के अनुरूप नहीं मिली 10 किलो मिठाई को नष्ट कराया गया।
टिहरी में सात प्रतिष्ठानों की जांच कर छह सैंपल लिए गए। उत्तरकाशी में 15 स्थानों का निरीक्षण किया गया और चार सैंपल लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने के मामले में एक दुकानदार को नोटिस दिया गया।
सरकार ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों को अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
