खबर शेयर करें –
देहरादून: उत्तराखंड के युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के भारत दौरे के लिए घोषित वनडे टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी करेंगे।
लक्ष्य को केवल वनडे टीम की कप्तानी ही नहीं मिली है, बल्कि चार दिवसीय मल्टी-डे मुकाबलों के लिए भी उन्हें टीम का उपकप्तान बनाया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस जिम्मेदारी के बाद उत्तराखंड के क्रिकेट खिलाड़ियों और प्रशंसकों में खुशी है।


ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। ये मुकाबले 18, 21 और 23 सितंबर को राजकोट में होंगे।
वनडे टीम में लक्ष्य रायचंदानी कप्तान हैं, जबकि यशबर्धन चौहान को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में कई युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
खास बात यह है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग को भी वनडे टीम में जगह मिली है। दोनों खिलाड़ी लक्ष्य की कप्तानी में खेलते नजर आएंगे।
चार दिवसीय टीम में भी लक्ष्य को जिम्मेदारी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए घोषित टीम में लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान होंगे। इस टीम की कप्तानी यशबर्धन चौहान को सौंपी गई है।
पहला चार दिवसीय मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में होगा। दूसरा मैच 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद में खेला जाएगा।
जिम्मेदारी मिलने पर क्या बोले लक्ष्य?
लक्ष्य ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने कप्तानी मिलने के बारे में पहले नहीं सोचा था। उनका ध्यान अब तक मिले हर मौके पर अच्छा प्रदर्शन करने पर रहा।
उन्होंने बताया कि टीम में मिली नई जिम्मेदारी से उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है। लक्ष्य ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया और कहा कि वह इस अवसर का पूरा लाभ उठाने की कोशिश करेंगे।
