उत्तराखंड: केदारनाथ पैदल मार्ग पर बड़ा हादसा: पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आया 5 साल का बच्चा, मौके पर मौत !
खबर शेयर करें –
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास मंगलवार को पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने की घटना हुई। इस हादसे में पांच साल के एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम ने बच्चे के शव को पालकी के जरिए एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया।
मृतक बच्चे की पहचान यश पुत्र रोहताश यादव, उम्र पांच वर्ष, निवासी एटा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा आने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग का एक हिस्सा बाधित हो गया। घटना के बाद मार्ग पर मौजूद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया।
टीमों ने यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम शुरू किया और मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक करीब एक हजार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि अभी भी करीब 50 से 100 यात्री पैदल मार्ग पर फंसे बताए जा रहे हैं।
इन यात्रियों को भी सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। मौके पर तैनात टीमें यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं।
रेस्क्यू टीमें यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ अभियान चला रही हैं। प्रशासन और रेस्क्यू दलों की ओर से पूरे क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने की घटना के बाद रेस्क्यू टीमों को विशेष सावधानी बरतने के साथ यात्रियों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए गए हैं।
ADVERTISEMENTS
