खबर शेयर करें –
देहरादून: उत्तराखंड में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक नई व्यवस्था शुरू की है अब साइबर ठगी की शिकायत मिलने पर पीड़ित की रकम को जल्द सुरक्षित कराने में मदद मिलेगी…इसके लिए देहरादून स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के 1930 कंट्रोल रूम में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक नोडल अधिकारी को तैनात किया गया है।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य साइबर ठगी से मिली रकम को दूसरे बैंक खातों में जाने से रोकना है। साथ ही संदिग्ध बैंक खातों की पहचान करना और पैसों के लेन-देन से जुड़ी जानकारी जल्द जुटाना भी आसान होगा।
ADVERTISEMENTS
STF के अनुसार साइबर ठगी होने के बाद शुरुआती समय बहुत महत्वपूर्ण होता है। ठगी करने वाले लोग पीड़ित के खाते से निकाली गई रकम को तुरंत दूसरे बैंक खातों में भेजने लगते हैं ऐसे में अगर समय रहते कार्रवाई हो जाए तो ठगी की रकम को बैंक खाते में होल्ड या फ्रीज कराया जा सकता है।
अब SBI के नोडल अधिकारी की तैनाती से पुलिस और बैंक के बीच सीधा संपर्क रहेगा…इससे शिकायत मिलने के बाद बैंकिंग से जुड़ी जानकारी जुटाने और संदिग्ध रकम को रोकने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
STF इस व्यवस्था को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है आने वाले समय में दूसरे बड़े बैंकों के नोडल अधिकारियों को भी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक ही जगह तैनात करने का प्रस्ताव है। इससे पुलिस को अलग-अलग बैंकों से संपर्क करने में लगने वाला समय कम होगा।
STF के एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक…इस पहल से साइबर अपराधों की जांच में तेजी आएगी और ठगी के शिकार लोगों की रकम बचाने में मदद मिलेगी।


