सीएम धामी के विकास कार्यों के मुरीद हुए विपक्ष के विधायक

कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मंच से की खुलकर सराहना, बोले— मेरी विधानसभा में हुए सबसे ज्यादा विकास कार्य गोपेश्वर की सभा में उमड़ा जनसैलाब, चमोली को 155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात

संवाददाता/इंडिया मेल
गोपेश्वर। उत्तराखंड की राजनीति में उस समय दिलचस्प संदेश गया, जब बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से उनके विकास कार्यों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के विधायकों के साथ भेदभाव किए जाने की बातें अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन उनकी विधानसभा में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री धामी का सार्वजनिक रूप से आभार भी जताया।
कांग्रेस विधायक का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच लगातार राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। ऐसे में विपक्ष के विधायक द्वारा मुख्यमंत्री की खुले मंच से की गई प्रशंसा को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी के जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, कार्यक्रम में सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग गोपेश्वर के पुलिस मैदान पहुंचने लगे थे। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान पूरा मैदान लोगों से खचाखच भरा नजर आया।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के लिए 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास तथा 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन और खेल से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी गई।


कार्यक्रम के बाद कांग्रेस विधायक के बयान और मुख्यमंत्री की सभा में उमड़ी भारी भीड़ राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई। माना जा रहा है कि विकास के मुद्दे पर विपक्ष के विधायक की यह टिप्पणी आने वाले समय में उत्तराखंड की राजनीति में भी गूंजती रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.