खबर शेयर करें –
उत्तराखंड। उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव 2026 के लिए मंगलवार 29 सितंबर को प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में मतदान के बाद मतगणना हुई। शाम तक कई कॉलेजों के परिणाम घोषित कर दिए गए। चुनाव परिणामों में कहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की तो कहीं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के उम्मीदवार विजयी रहे। कई संस्थानों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।
कई कॉलेजों में मुकाबला बेहद करीबी रहा। थत्यूड़ में अध्यक्ष पद का फैसला महज एक वोट से हुआ…जबकि अगरोड़ा में दो वोट का अंतर रहा। वहीं चंपावत और नैनीताल जैसे स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
ADVERTISEMENTS
देहरादून डीएवी कॉलेज में नवदीप राणा अध्यक्ष
देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर ABVP के नवदीप राणा ने जीत दर्ज की। मतगणना के दौरान कॉलेज परिसर में कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति भी बनी….हालांकि स्थिति को ज्यादा आगे नहीं बढ़ने दिया गया।
डीबीएस कॉलेज में NSUI के अभिनव कफलिया विजयी
देहरादून के डीबीएस पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद पर NSUI के अभिनव कफलिया ने जीत हासिल की। उन्हें 643 वोट मिले….जबकि ABVP के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक नेगी को 549 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर सौरभ ने जीत दर्ज की। सचिव पद पर देवाशीष विजयी रहे।
डोईवाला में USF के मोहित ममगाईं ने जीता अध्यक्ष पद
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में कुल 1359 मतों में से 951 छात्रों ने मतदान किया। अध्यक्ष पद पर USF प्रत्याशी मोहित ममगाईं ने NSUI प्रत्याशी को 48 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।
अन्य प्रमुख पदों पर ABVP के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। इस चुनाव में अध्यक्ष पद का परिणाम इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि USF के प्रत्याशी ने पहली बार चुनाव मैदान में उतरकर जीत दर्ज की।
नरेंद्रनगर में NSUI ने सभी पदों पर जीत दर्ज की
धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में NSUI के प्रत्याशियों ने सभी पदों पर जीत हासिल की। अध्यक्ष पद पर आयुष रावत ने ABVP के हिमांशु जोशी को 69 मतों से पराजित किया। आयुष रावत को 141 और हिमांशु जोशी को 72 वोट मिले।
उपाध्यक्ष पद पर हिमांशी भंडारी ने 179 मत हासिल किए और 145 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। सचिव पद पर आशा ने 115 मत लेकर 18 वोटों से जीत हासिल की।
सह सचिव पद पर अनामिका कैन्तुरा 145 मतों के साथ विजयी रहीं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर NSUI के प्रियांशु कैन्तुरा ने 120 वोट लेकर 26 मतों से जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर अमृता रावत निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
नैनीताल डीएसबी में निर्दलीय भानु प्रताप चौहान की जीत
नैनीताल के डीएसबी परिसर में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रताप चौहान ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 1355 वोट मिले….जबकि ABVP प्रत्याशी शुभम कुमार को 873 मत प्राप्त हुए। इस तरह भानु प्रताप चौहान ने 482 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
संयुक्त सचिव पद पर अनुष पूरी और कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि रावत ने जीत दर्ज की। छात्रा उपाध्यक्ष, छात्र उपाध्यक्ष, सचिव, सांस्कृतिक सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि समेत कई पदों पर भी परिणाम घोषित किए गए। कुछ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
चंपावत कैंपस में निर्दलीय भानु तड़ागी ने मारी बाजी
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चंपावत कैंपस में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी भानु तड़ागी विजयी हुए। कुल 984 वोट पड़े थे। इनमें भानु तड़ागी को 754 मत मिले…जबकि ABVP प्रत्याशी सागर मौनी के खाते में 218 वोट आए।
भानु तड़ागी ने 536 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। सचिव और संयुक्त सचिव पद पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था।
गोपेश्वर में NSUI के किशन सिंह अध्यक्ष बने
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में अध्यक्ष पद पर NSUI के किशन सिंह ने 1114 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी कपिल नेगी को 459 मत मिले।
उपाध्यक्ष पद पर आदित्य नेगी, सचिव पद पर सोहन लाल, सह सचिव पद पर तनिषा, कोषाध्यक्ष पद पर अपेक्षा और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर ललित सिंह निर्वाचित हुए।
कर्णप्रयाग में NSUI की जीत
डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में कुल 1502 छात्र-छात्राओं में से 1201 ने मतदान किया।
अध्यक्ष पद पर NSUI के सुनील रावत ने 76 वोटों से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर NSUI के अंकित कुमार 65 मतों से विजयी हुए। सचिव पद पर NSUI की सलोनी ने 60 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
सह सचिव पद ABVP के खाते में गया…जहां निधि ने 43 मतों से जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर NSUI की हिमानी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर NSUI के विशाल निर्वाचित हुए।
जोशीमठ में ABVP के नवल किशोर बगाशी अध्यक्ष निर्वाचित
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। ABVP के नवल किशोर बगाशी को 118 मत मिले और उन्होंने 35 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
उपाध्यक्ष पद पर आयना ने 114 मत लेकर जीत हासिल की। सचिव पद पर अनिकेत और सह सचिव पद पर सिमरन विजयी रहीं।
कोषाध्यक्ष पद पर दिया ने 115 वोट लेकर जीत दर्ज की। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर NSUI के सुमित सिंह ने 84 मत हासिल किए और तीन वोटों के अंतर से विजयी हुए।
गंगोलीहाट में निर्दलीय प्रत्याशी की जीत
शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गंगोलीहाट में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय हिमांशु जरमाल ने जीत दर्ज की। उन्हें 324 मत मिले।
ABVP के आधिकारिक प्रत्याशी सौरभ रावल को 129 वोट प्राप्त हुए। हिमांशु जरमाल ने ABVP से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था।
देवप्रयाग में ABVP के के. आर्यन दीप जीते
राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में अध्यक्ष पद पर ABVP के के. आर्यन दीप ने निर्दलीय प्रत्याशी अजय सिंह को 71 मतों से हराया। कॉलेज के अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
थत्यूड़ में सिर्फ एक वोट से हुआ फैसला
राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में अध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद करीबी रहा। ABVP के आशीष नेगी को 165 वोट मिले…जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी दीपांशु रावत को 164 मत प्राप्त हुए। इस तरह आशीष नेगी ने महज एक वोट के अंतर से जीत हासिल की।
उपाध्यक्ष पद पर NSUI की दीपिका, सचिव पद पर सानिया धीमान और सह सचिव पद पर काजल विजयी रहीं। कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर ABVP प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
अगरोड़ा में दो वोट से अध्यक्ष पद का फैसला
शहीद श्रीमती हंसा धनाई राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा धारमंडल टिहरी गढ़वाल में अध्यक्ष पद पर अजीत कुमार ने जीत हासिल की। कुल 65 वोटों में अजीत कुमार को 33 मत मिले…जबकि मानवेंद्र शाह को 31 वोट मिले। एक मत निरस्त हुआ।
इस तरह अजीत कुमार ने दो वोटों के अंतर से अध्यक्ष पद अपने नाम किया।
रामनगर में नीरज कंडारी अध्यक्ष निर्वाचित
रामनगर के पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय नीरज कंडारी ने करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की।
घनसाली में NSUI प्रत्याशियों की जीत
बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल केमर में अध्यक्ष सहित सभी पदों पर NSUI के प्रत्याशी विजयी रहे। अध्यक्ष पद पर प्रियांशी तिवारी ने 62 मतों के अंतर से जीत हासिल की। अन्य पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था।
लंबगांव में सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
फूल सिंह बिष्ट राजकीय महाविद्यालय लंबगांव में छात्रसंघ के सभी पदों पर NSUI के प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
बेरीनाग में निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में निर्विरोध चुने गए छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
अध्यक्ष पद पर मनीष रौतेला, छात्रा उपाध्यक्ष पर विमला, सचिव पद पर मानशी, संयुक्त सचिव पर दीप्ति कार्की और कोषाध्यक्ष पद पर गीता मेहरा को शपथ दिलाई गई।
लोहाघाट में ABVP के कई प्रत्याशी निर्वाचित
पीजी कॉलेज लोहाघाट में अध्यक्ष सहित 10 पदों पर ABVP के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर हिमांशु कुमार, छात्रा उपाध्यक्ष पर आरती चौधरी, सचिव पद पर अमित चिल्कोटी, संयुक्त सचिव पर हिमांशी बोहरा और सांस्कृतिक सचिव पद पर निखिल राय निर्वाचित हुए।
कोषाध्यक्ष पद पर स्नेहा ने 721 वोट लेकर 575 मतों के अंतर से जीत हासिल की। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मुकेश कुमार ने 699 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की।
लक्सर में ABVP के सौरभ कुमार जीते
राजकीय महाविद्यालय लक्सर में अध्यक्ष पद पर ABVP के सौरभ कुमार ने 84 वोट लेकर जीत दर्ज की। अंकुश कुमार को 65 और वंदना को 12 वोट मिले।
सचिव पद पर ABVP के त्रिशू ने 87 मत लेकर जीत हासिल की। सह सचिव पद पर संजना और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर ABVP की नंदिनी विजयी रहीं। उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
मसूरी MPG कॉलेज में ABVP के प्रत्याशियों की जीत
एमपीजी कॉलेज मसूरी में अध्यक्ष पद पर ABVP के वेदांत थापली ने 185 वोट लेकर जीत हासिल की। NSUI के विकास सिंह को 48 और मसूरी छात्र संगठन के मनन शाही को 36 मत मिले।
महासचिव पद पर ABVP के आशुतोष जोशी ने 160 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर ABVP की करिश्मा डुमोगा निर्वाचित हुईं।
उपाध्यक्ष पद पर गौरव सिंह गुसाईं, सह सचिव पद पर ईशा और कोषाध्यक्ष पद पर सलोनी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे।
प्रदेशभर के नतीजों में अलग-अलग तस्वीर
29 सितंबर को हुए छात्रसंघ चुनाव के परिणामों में उत्तराखंड के कॉलेजों में अलग-अलग तस्वीर सामने आई। कई संस्थानों में ABVP के प्रत्याशी विजयी रहे….जबकि कई कॉलेजों में NSUI के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इसके साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कई स्थानों पर अध्यक्ष पद हासिल किया।
कुछ कॉलेजों में मुकाबला बेहद नजदीकी रहा। थत्यूड़ में अध्यक्ष पद का फैसला केवल एक वोट से हुआ….जबकि अगरोड़ा में दो वोटों का अंतर रहा। वहीं नैनीताल डीएसबी और चंपावत कैंपस में निर्दलीय प्रत्याशियों ने उल्लेखनीय अंतर से जीत दर्ज की।
देर शाम तक प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों से परिणाम सामने आते रहे। जीत के बाद अलग-अलग कॉलेजों में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जश्न मनाया। छात्रसंघ चुनाव के जरिए चुने गए नए पदाधिकारी अब अपने-अपने महाविद्यालयों में छात्रों से जुड़े मुद्दों और छात्र गतिविधियों में भूमिका निभाएंगे।
ADVERTISEMENTS
