नई दिल्ली, 19 सितंबर 2026 । दिल्ली में DTC बस चालकों की हड़ताल के बीच दिल्ली मेट्रो ने इतिहास का सबसे बड़ा दैनिक यात्री रिकॉर्ड दर्ज किया है। 17 सितंबर 2026 को दिल्ली मेट्रो में कुल 82,44,903 पैसेंजर बोर्डिंग दर्ज की गईं। यह DMRC के इतिहास में किसी एक दिन का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। बसों का परिचालन प्रभावित होने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों ने मेट्रो का रुख किया, जिससे स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई।
शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर कर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने बताया, ‘ DMRC ने 17 सितंबर 2026 को 82,44,903 यात्रियों के सफर करने का अब तक का सबसे ज्यादा रिकॉर्ड बनाया।’
DTC बस चालकों की हड़ताल बनी वजह!
इस नए रिकॉर्ड के पीछे दिल्ली में चल रही DTC बस चालकों की हड़ताल को भी एक प्रमुख वजह माना जा रहा है। बस सेवाएं प्रभावित होने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों ने आवागमन के लिए दिल्ली मेट्रो का रुख किया। हड़ताल के चलते कई डिपो से बस सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे राजधानी के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क पर अतिरिक्त दबाव पड़ा।