खबर शेयर करें –
पिथौरागढ़ से दिल्ली-देहरादून हवाई सेवा को झटका, तारीख निकल गई लेकिन उड़ान शुरू नहीं
पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ के लोगों को दिल्ली और देहरादून के लिए हवाई सेवा शुरू होने का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। कंपनी की ओर से पूर्व में घोषित तारीख निकलने के बावजूद विमान सेवा शुरू नहीं हो सकी। इससे हवाई यात्रा की उम्मीद लगाए यात्रियों को निराशा हाथ लगी है।


दरअसल, विमानन कंपनी ने 1 सितंबर से पिथौरागढ़-दिल्ली रूट पर छह दिन और पिथौरागढ़-देहरादून रूट पर पांच दिन विमान सेवा संचालित करने की घोषणा की थी। इसके बाद यात्रियों ने टिकट बुकिंग की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण विमान सेवा शुरू नहीं हो सकी।
कंपनी ने 11 सितंबर से 17 सितंबर तक सेवा स्थगित रखने की जानकारी दी थी। बताया गया कि खराब मौसम के चलते विमान धरातल पर नहीं उतर सका, जिसके कारण उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ।
अब कंपनी की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक 19 सितंबर से देहरादून रूट पर विमान सेवा शुरू किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, यात्रियों को नियमित हवाई सेवा के लिए अभी इंतजार करना पड़ रहा है।
विमान सेवा प्रभावित होने के कारण दिल्ली और देहरादून जाने वाले यात्रियों को टैक्सी और रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए हवाई कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण होने के चलते सेवा के जल्द नियमित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
