खबर शेयर करें –
कर्णप्रयाग। चमोली जिले के कर्णप्रयाग नगर में अलकनंदा नदी में तैरते समय एक व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस को स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को पोखरी विकासखंड निवासी सतीश कुमार खाली कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में अलकनंदा नदी के बीच स्थित एक दुर्गम चट्टान पर दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह चट्टान से नदी में उतरा और तैरते हुए आगे बढ़ने लगा।


बताया जा रहा है कि सतीश नदी में काफी दूरी तक तैरता हुआ नजर आया। इसी दौरान नदी का बहाव तेज होने लगा और वह पानी की तेज धारा की चपेट में आकर बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कर दी।
लापता सतीश कुमार खाली की तलाश के लिए एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें नदी के संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही हैं। बचाव दल नदी के किनारे और पानी के संभावित क्षेत्रों में लगातार तलाश कर रहा है।
पुलिस के अनुसार सतीश अचानक घर से निकल गया था। उसके परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस और बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
घटना के बाद उस चट्टान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जहां सतीश को सबसे पहले देखा गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार चट्टान तक सामान्य रास्ते से पहुंचना बेहद मुश्किल है। वहां रस्सी के सहारे पहुंचना भी आसान नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सतीश अच्छा तैराक था। ऐसे में उसकी तैराकी क्षमता और चट्टान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि वह नदी में तैरकर वहां तक पहुंचा होगा। हालांकि वह वास्तव में उस दुर्गम चट्टान तक कैसे पहुंचा…इसकी स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चट्टान पर कुछ समय तक दिखाई देने के बाद सतीश अलकनंदा नदी में उतर गया। वह नदी में तैरते हुए काफी दूरी तक नजर आया…लेकिन बाद में तेज बहाव के बीच दिखाई देना बंद हो गया।
पुलिस और बचाव दल की टीमें लगातार सतीश की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है।
कोतवाल विनोद थपलियाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मय फोर्स मौके पर पहुंची और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
