उत्तराखंड: कांग्रेस के इस युवा चेहरे पर फिर बोले हरीश रावत, अब फैसला नेतृत्व के हाथ

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रामनगर के युवा नेता संजय नेगी को कांग्रेस में शामिल किए जाने की पैरवी एक बार फिर की है। उन्होंने कहा कि संजय नेगी ने अपनी व्यक्तिगत क्षमता के दम पर राजनीतिक पहचान बनाई है और ऐसे युवाओं को पार्टी में आगे बढ़ाने की जरूरत है।

हरीश रावत ने कहा कि युवा नेता आने वाले 20 से 25 वर्षों तक कांग्रेस के लिए मजबूत आधार बन सकते हैं। उनके मुताबिक ऐसे युवाओं को नजरअंदाज करना पार्टी के हित में नहीं होगा।

ADVERTISEMENTSAdAd

पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ता के तौर पर जो उचित समझा, वह अपनी बात के रूप में सामने रख दिया है। अब ऐसे युवाओं को आगे बढ़ाना है या नहीं इसका फैसला प्रदेश कांग्रेस कमेटी और प्रदेश अध्यक्ष को करना है।

रावत ने अपने बयान में कहा कि अगर कांग्रेस ऐसे युवाओं को अपने साथ जोड़ने का मौका गंवाना चाहती है तो इसका फैसला पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों को करना है।

उनके इस बयान के बाद कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है। खास तौर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर रावत की टिप्पणी को पार्टी की अंदरूनी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

इससे पहले 12 जुलाई को भी हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए संजय नेगी की तारीफ की थी। उन्होंने उन्हें संघर्षशील युवा बताते हुए कहा था कि प्रदेश के कुछ युवाओं में राज्य की राजनीति और सामाजिक चेतना का भविष्य दिखाई देता है।

रावत ने उस समय बताया था कि संजय नेगी रामनगर क्षेत्र में ग्राम सभा टेड़ा और क्यारी से निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने नेगी और क्षेत्रवासियों को बधाई भी दी थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.