खबर शेयर करें –
सड़क पर डंडे लहराकर गुंडई करने वाले 15 युवक चिन्हित, 8 पर कार्रवाई
हल्द्वानी। सड़क पर डंडे लहराकर अराजकता और गुंडागर्दी करने वाले युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर काठगोदाम पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे 15 युवकों को चिन्हित कर थाने बुलाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की।


पुलिस के मुताबिक, 8 युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को सीज किया गया। वहीं वीडियो में शामिल 7 नाबालिग युवकों की काउंसलिंग कराई गई और उनके परिजनों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस की कार्रवाई के बाद एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, डंडे लहराने और गुंडागर्दी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने अथवा आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाली गतिविधियों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
