हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद में कांग्रेस का बड़ा अल्टीमेटम, पुलिस को दी 11 बजे तक की मोहलत

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

हल्द्वानी: हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद फिर गरमा गया है। कांग्रेस ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है।

सोमवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल हल्द्वानी कोतवाली पहुंचा और एसएसपी से मुलाकात कर तहरीर सौंपी। कांग्रेस ने कथित शुद्धिकरण मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ADVERTISEMENTSAdAd

पहले भी दी जा चुकी है तहरीर

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस मामले में पहले भी अधिवक्ता अंजू और युवक कांग्रेस पदाधिकारियों की ओर से पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है…लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जनसभा के बाद रामलीला मैदान में गंगाजल आदि का छिड़काव कर कथित रूप से शुद्धिकरण किया गया। पार्टी ने इसे जातिगत भेदभाव और सामाजिक समानता से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

SC-ST एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की मांग

कांग्रेस ने अपनी तहरीर में संविधान के अनुच्छेद 14 और 17 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम समेत लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

यशपाल आर्य बोले- मामला सिर्फ राजनीति का नहीं

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। ऐसे में किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद किसी स्थान को कथित रूप से अशुद्ध बताकर शुद्धिकरण करना गंभीर विषय है।

उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की ओर से कथित शुद्धिकरण को उचित ठहराए जाने पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ऐसे मामलों को राजनीतिक संरक्षण मिलने का संदेश नहीं जाना चाहिए।

पुलिस को कल 11 बजे तक का समय

नैनीताल जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे तक का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि तब तक मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई नहीं होती है…तो कांग्रेस लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेगी।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भी रामलीला मैदान को सार्वजनिक स्थल बताते हुए कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे को सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों से जोड़कर आगे भी उठाती रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.