CM धामी का महिलाओं को बड़ा तोहफा, फ्री बस यात्रा के साथ ढाई लाख तक रियायती ऋण की तैयारी

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

देहरादून: उत्तराखंड में महिलाओं को लेकर सरकार ने कई नई सुविधाओं और योजनाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की घोषणा की है। सरकार के अनुसार प्रदेश की साढ़े छह लाख से अधिक महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी।

सरकार का दावा है कि इस फैसले से खासकर पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली बुजुर्ग महिलाओं को राहत मिलेगी। अब 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बस से यात्रा करने पर किराया नहीं देना होगा।

ADVERTISEMENTSAdAd

देहरादून में चलेंगी पिंक ई-बसें

महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए देहरादून में 10 पिंक ई-बसें शुरू करने की घोषणा भी की गई है। ये बसें प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत महिलाओं को समर्पित की जाएंगी। सरकार की योजना भविष्य में इस सेवा का विस्तार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक करने की है।

लखपति दीदी के बाद महिलाओं को उद्यमी बनाने पर जोर

सरकार के अनुसार लखपति दीदी योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी तीन लाख से अधिक महिलाओं की सालाना आय एक लाख रुपये से ज्यादा हो चुकी है। अब महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए रियायती बैंक ऋण की सीमा बढ़ाने की घोषणा की गई है।

महिला स्वरोजगार योजना के तहत ऋण की सीमा दो लाख रुपये से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये की जाएगी। इससे महिलाएं नया कारोबार शुरू करने या पहले से चल रहे स्वरोजगार को आगे बढ़ाने के लिए अधिक पूंजी जुटा सकेंगी।

एकल महिलाओं के स्वरोजगार पर भी फोकस

सरकार की ओर से एकल महिला स्वरोजगार योजना भी संचालित की जा रही है। इसके जरिए परिवार की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत महिला आरक्षण

महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था की है। सरकार का कहना है कि इससे सरकारी सेवाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।

महिलाओं के लिए हाईटेक टॉयलेट बनाने की घोषणा

महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आधुनिक हाईटेक टॉयलेट बनाने की भी घोषणा की गई है। सरकार का कहना है कि इन सुविधाओं का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने हमेशा राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सरकार हर उम्र की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। निशुल्क रोडवेज यात्रा और पिंक ई-बस सेवा से महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन का अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.