उत्तराखंड : यहाँ चारा काटते समय महिला को सांप ने डसा, मौत

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

बागेश्वर। गरुड़ तहसील क्षेत्र के सिमार गांव में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

शनिवार देर शाम सिमार निवासी तुलसी देवी (45) पत्नी राजेंद्र राम अपने घर के पास मवेशियों के लिए चारा काट रही थीं। इसी दौरान घास के बीच छिपे सांप ने उनके बाएं पैर पर डंस लिया। महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन उन्हें सीएचसी बैजनाथ लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने तुरंत उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।

ADVERTISEMENTSAdAd

सीएचसी में डॉक्टरों ने महिला को एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन दिया लेकिन हालत में सुधार न होने और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू सुविधा के लिए तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद होगी मुआवजे की प्रक्रिया : वन विभाग

सर्पदंश से महिला की मौत के मामले में पुलिस और वन विभाग ने संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि जिला अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेज दिया गया है और मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग के प्रभारी एसडीओ एमएस गुसाईं ने बताया कि मामला संज्ञान में आ चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होते ही पीड़िता के परिजनों को राहत राशि प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बरसात में बढ़ जाता है खतरा, बरतें ये सावधानियां

वन विभाग ने बरसात के मौसम में ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रभारी एसडीओ गुसाईं के अनुसार, बारिश के कारण बिलों में पानी भर जाने से जहरीले जीव-जंतु बाहर निकलकर झाड़ियों और पत्थरों के आसपास शरण लेते हैं। ऐसे में मवेशियों के लिए चारा काटते या खेतों में काम करते समय पैरों में जूते और हाथों में दस्ताने अवश्य पहनें। घनी झाड़ियों या अंधेरी जगहों पर जाने से पहले लाठी से झाड़ियों को खटखटाएं और टॉर्च का उपयोग करें। घर के आसपास घास और झाड़ियों को उगने न दें और नियमित सफाई बनाए रखें। सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाए बिना तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगवाएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.