खबर शेयर करें –
रुद्रपुर: शहर के रविंद्र नगर इलाके में दूध बांटने वाले एक व्यक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दूध बांटने के दौरान उसने दूध के बर्तन को मुंह के पास ले जाकर उसमें थूका। घटना से जुड़ा CCTV वीडियो सामने आने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मामला वार्ड नंबर 35 का बताया जा रहा है। बुधवार को दूध बांटने आया व्यक्ति अपनी बाइक खड़ी करने के बाद छोटे डोल से घरों में दूध पहुंचा रहा था।


बताया गया कि दूध बांटने के बाद वह वापस अपनी बाइक के पास आया। इसके बाद उसने बड़े डोल से छोटे बर्तन में दूध डाला। इसी दौरान उसने छोटे डोल को अपने मुंह के पास ले जाया।
यह दृश्य CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। स्थानीय लोगों ने इसे देखने के बाद दूध में थूकने का आरोप लगाया और मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर आवास विकास चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए संबंधित व्यक्ति को अपने साथ ले लिया।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता जोगेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि CCTV फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।
सीओ विभव सैनी के अनुसार, मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। संबंधित व्यक्ति को थाने लाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने दूध बेचने वालों के सत्यापन की मांग भी उठाई है।
