खबर शेयर करें –
सितारगंज। साइबर ठगों ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताकर एक वरिष्ठ नागरिक को अपने जाल में फंसा लिया। ठग ने वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनवाने के नाम पर बैंक खाते और एटीएम से जुड़ी जानकारी हासिल की। इसके बाद पीड़ित के खाते से 3.77 लाख रुपये निकाल लिए गए।
वार्ड नंबर-11 निवासी राम आसरे मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक की सितारगंज शाखा में बचत खाता है। बुधवार दोपहर करीब 12:04 बजे उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया। उसने अपना नाम विवेक दास बताते हुए खुद को पीएनबी के दिल्ली स्थित हेड ऑफिस का कर्मचारी बताया।


फोन करने वाले ने वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनवाने की बात कही। उसने कार्ड से कई तरह की सुविधाएं मिलने का भरोसा भी दिलाया। उसकी बातों में आकर राम आसरे ने अपने दोनों बैंक खातों और एटीएम कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा कर दी।
कुछ समय बाद जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो उनके होश उड़ गए। खाते से 3.77 लाख रुपये की रकम निकल चुकी थी।
ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से मामले की जांच करने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने ठगी गई रकम वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने जिस नंबर से फोन किया था और रकम निकालने के लिए अपनाए गए तरीके की भी जांच की जा रही है।
