‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में 80 हजार से ज्यादा छात्रों ने भेजे निबंध

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को छात्रों का लगातार समर्थन मिल रहा है। अब तक प्रदेश के 80 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने अपने निबंध ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिए हैं।

यह अभियान कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त को करीब तीन लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने छात्रों से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार निबंध के माध्यम से साझा करने की अपील की थी।

ADVERTISEMENTSAdAd

छात्र पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक समेत आठ विषयों पर अपने विचार लिख रहे हैं।

अभियान में भेजे गए निबंधों में से 140 बेहतर विचारों का चयन किया जाएगा। मुख्यमंत्री इन विद्यार्थियों के साथ शासन के अधिकारियों की मौजूदगी में उनके विचारों पर चर्चा करेंगे।

बेहतर विचार देने वाले छात्रों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद के लिए स्कॉलरशिप और अन्य पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई है।

शिक्षा निदेशक आकांक्षा कौंडे ने बताया कि प्रदेशभर से लगातार ऑनलाइन प्रविष्टियां आ रही हैं और इनकी संख्या 80 हजार से ज्यादा हो चुकी है। निबंध अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिया जा रहा है।

अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उनके मुताबिक हर मिनट प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से निबंध पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं।

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में निबंध जमा करने की अंतिम तारीख 24 अगस्त 2026 है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद इस अभियान की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं और नियमित रूप से इसकी समीक्षा कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.