खबर शेयर करें –
हल्द्वानी। मोरनौला-मझोला मोटर मार्ग को जल्द पूरा कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने सांसद अजय भट्ट को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क के अधूरे हिस्से का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।
भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. मुकेश बेलवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि मोरनौला-मझोला मार्ग को वर्ष 1972 में स्वीकृति मिली थी। सड़क का निर्माण दोनों ओर से किया गया…लेकिन बीच के कुछ हिस्से अब भी अधूरे हैं। इस कारण पूरा मार्ग अभी तक तैयार नहीं हो पाया है।


क्षेत्रवासियों के अनुसार सड़क पूरी होने से नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और अल्मोड़ा के कई इलाकों को फायदा मिलेगा। इससे लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी और कई गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। इसके अलावा स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग के तैयार होने से हल्द्वानी में यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
ज्ञापन के माध्यम से सांसद अजय भट्ट से सड़क के बचे हुए हिस्से का निर्माण जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।
इस दौरान डॉ. मुकेश बेलवाल, मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, विनोद चौसाली, पूर्व प्रधान नेत्र सिंह बिष्ट, चरण जीत सिंह और उमेश सिंह मेवाड़ी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
