भाजपा की नई टीम में उत्तराखंड का दबदबा, तीरथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तो बलूनी बने मीडिया संयोजक -इंडिया मेल

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में घोषित 65 सदस्यीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है।
नई टीम में कुल 8 राष्ट्रीय महासचिव, 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 16 राष्ट्रीय सचिव शामिल किए गए हैं। पार्टी ने मीडिया और सोशल मीडिया तंत्र में भी बदलाव किया है। अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाए जाने के साथ आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। सोशल मीडिया की कमान दीपक म्हास्के को सौंपी गई है।
उत्तराखंड के लिहाज से यह बदलाव खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने से उन्हें एक बार फिर भाजपा के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका मिली है। रावत लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं और इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सहित विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
वहीं, अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दिया जाना भी अहम है। बलूनी पहले भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी की भूमिका निभा चुके हैं और पार्टी की मीडिया रणनीति तथा राष्ट्रीय स्तर पर उसके संदेश को प्रभावी ढंग से रखने का लंबा अनुभव उनके पास है।
भाजपा की नई टीम में उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत और अनिल बलूनी के अलावा महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री तथा आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। इस तरह राज्य के चार नेताओं को केंद्रीय संगठन में जगह देकर पार्टी ने उत्तराखंड को भी विशेष महत्व दिया है।
राजनीतिक दृष्टि से भाजपा का यह संगठनात्मक बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आने वाले समय में कई राज्यों में चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी ने संगठन में अनुभवी चेहरों के साथ नई जिम्मेदारियों का संतुलन बनाने की कोशिश की है। तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और अनिल बलूनी को मीडिया की जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड की भाजपा राजनीति में भी इसके दूरगामी असर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.