जोंटी सिद्धू का तूफान, सेंट्रल दिल्ली किंग्स की शानदार जीत
75 रन की विस्फोटक पारी खेल चार विकेट से हराया नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को
नई दिल्ली। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के रोमांचक मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को चार विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 210 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जोंटी सिद्धू की आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पलट दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटके के बाद कप्तान सार्थक रंजन और यश भाटिया ने दूसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सार्थक रंजन ने 39 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली, जबकि यश भाटिया ने नाबाद 90 रन (51 गेंद) बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अंत में भरत सिंधवानी ने 22 गेंदों में नाबाद 43 रन की तेज़तर्रार पारी खेली। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से तेजस बारोका सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिया।

210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स की शुरुआत लड़खड़ाती रही और टीम 86 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी ने पांचवें विकेट के लिए 82 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर मुकाबले में टीम की वापसी कराई।
आदित्य भंडारी ने 24 गेंदों पर 46 रन की तेज़ पारी खेली, जबकि जोंटी सिद्धू ने निडर बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 38 गेंदों में 75 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने एक ओवर से अधिक शेष रहते चार विकेट से यादगार जीत अपने नाम कर ली।
जोंटी सिद्धू की मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया यह हाई-स्कोरिंग मुकाबला डीपीएल 2026 के अब तक के सबसे रोमांचक मैचों में से एक साबित हुआ।