शुद्धिकरण विवाद के बीच BJP का दलित चेहरे पर दांव
दिनेश आर्य को राज्यसभा भेजने के पीछे क्या है सियासी संदेश?
देहरादून, 05 अक्टूबर 2026 ।उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा ने दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में ‘शुद्धिकरण विवाद’ एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखी बयानबाजी हुई थी। ऐसे में भाजपा द्वारा दलित समुदाय से आने वाले दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने को कई राजनीतिक विश्लेषण कांग्रेस के आरोपों के जवाब और सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि, भाजपा ने उम्मीदवार घोषित करते समय इसे शुद्धिकरण विवाद से जोड़कर कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है।
दिनेश आर्य नैनीताल के भाजपा जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। फिलहाल उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा मिला हुआ है और वह राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य को उम्मीदवार बनाने से एक बार फिर यह साबित हो गया है कि भाजपा निष्ठावान, समर्पित कार्यकर्ता और कमजोर वर्ग के उत्थान के प्रति पूर्णतया प्रतिबद्ध है।