नेपाल से आए एक फोन ने खोला राज, रुद्रपुर में चोरी के माल के बंटवारे का आरोप
आबकारी टीम के 4 कर्मचारी गिरफ्तार
रुद्रपुर, 22 सितंबर 2026 । उत्तराखंड के रुद्रपुर में सामने आया एक मामला पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका को लेकर चर्चा में है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी की जांच करते हुए हिमाचल पुलिस रुद्रपुर पहुंची। आरोप है कि चोरी का सामान लेकर नेपाल जा रहे आरोपियों को रुद्रपुर में आबकारी विभाग की टीम ने जांच के दौरान रोका और बरामद सामान में से कुछ हिस्सा अपने पास रख लिया। मामले में आबकारी विभाग के एक दरोगा समेत चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।
हिमाचल प्रदेश की पुलिस ने इस मामले में उत्तराखंड के रुद्रपुर में कार्रवाई की है। आबकारी दरोगा देवेंद्र कुमार, सिपाही बलजीत सिंह, उपनल कर्मचारी पप्पू लाल और पीआरडी कर्मी नईम को गिरफ्तार कर लिया। हिमाचल पुलिस ने 80 प्रतिशत चोरी का माल बरामद करने का दावा किया है।