देहरादून , 07 अक्टूबर 2026 । उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुए ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक बुजुर्ग दंपती और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी में वारदात को लूट से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में अब ₹300 के मेहनताना विवाद के बाद हमला किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मामले में राजकुमार नाम के प्लंबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब दो साल से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करता था। घटना वाले दिन काम के भुगतान को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पेचकस और एक सोने की चेन बरामद करने की बात कही है।
घटना दोपहर की बताई जा रही है। बताया कि प्लंबर राजकुमार कपूर दंपति के घर से गुस्से में निकला और कुछ देर बाद लौटकर आया। फिर प्लंबर ने रमेश कपूर (80) और उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) को पेचकस से वार कर लहूलुहान कर दिया। इस बीच आवाज सुनकर पास में काम कर रही तिलया देवी उर्फ शीला (48) मौके पर पहुंच गई। तिलया देवी पहले कपूर दंपति के पास काम कर चुकी थी।