ट्रक की टक्कर के बाद कई वाहनों में लगी आग, 14 की मौत, 30 घायल


फुजैराह। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक चालक के नियंत्रण खोने से कई वाहन हादसे की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आसपास के कई वाहन भी आ गए। इस भयावह हादसे में 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। यूएई के गृह मंत्रालय ने घटना की पुष्टि की है।

कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
गृह मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार आधी रात के आसपास फुजैराह में एक ट्रक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक पहले एक अन्य वाहन से टकराया और फिर पलटकर सड़क पर मौजूद कई वाहनों से जा भिड़ा। उस समय यातायात धीमी गति से चल रहा था, जिसके चलते कई वाहन इसकी चपेट में आ गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने आसपास के वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई वाहन आग की लपटों में घिर गए।

30 लोग घायल, कई अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और नागरिक सुरक्षा दल घटनास्थल पर पहुंचे। बचाव दलों ने आग पर काबू पाने के साथ घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल 30 लोगों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। इनमें से 15 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

वहीं, दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों ने डीएनए जांच कराने का निर्णय लिया है।

हादसे में भारतीय नागरिकों की भी मौत
इस दुर्घटना में भारतीय नागरिकों के भी जान गंवाने की पुष्टि दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने की है। दूतावास के मुताबिक, मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया है। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मृतकों की पहचान और परिजनों को मदद देने की तैयारी
यूएई प्रशासन हादसे में मारे गए लोगों की पहचान करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में जुटा है। डीएनए जांच के जरिए मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, भारतीय वाणिज्य दूतावास भी स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है, ताकि भारतीय नागरिकों के प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.