नैनीताल-हल्द्वानी जाने वाले ध्यान दें! 14-15 नवंबर को इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन, पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

हल्द्वानी। वीकेंड पर हल्द्वानी और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 14 और 15 नवंबर 2026 को शहर में वाहनों का दबाव कम करने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। ऐसे में अगर आप नैनीताल, भवाली या पहाड़ी इलाकों की ओर जाने की तैयारी कर रहे हैं…तो घर से निकलने से पहले नया ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें।

पुलिस की ओर से जारी यह डायवर्जन प्लान दोनों दिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत बरेली, रुद्रपुर, रामनगर और बाजपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।

इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन

बरेली रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले सभी वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम पहुंचेंगे। यहां से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहन: पहाड़ों की ओर जाने वाले वाहन पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से एनएच-109 यानी नए हाईवे के रास्ते लालकुआं पहुंचेंगे। इसके बाद तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा होते हुए आगे जाएंगे। जो वाहन हल्द्वानी शहर की ओर आ जाएंगे….उन्हें गन्ना सेंटर से डायवर्ट कर तीनपानी फ्लाईओवर, गौला रोड और नारीमन तिराहे की ओर भेजा जाएगा।

रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले वाहन कालाढूंगी के नैनीताल तिराहे से डायवर्ट होकर मंगोली के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक

14 और 15 नवंबर को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन जैसे सब्जी, फल, ईंधन, गैस और दूध के वाहन भी दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर नहीं चल सकेंगे।

इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले सभी भारी वाहनों को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक जिले की सीमा पर ही रोका जाएगा। जो भारी वाहन शहर की ओर पहुंच जाएंगे….उन्हें नंबर-1 बैंड के पीछे सड़क के बाईं ओर और पुलिस चौकी सलड़ी क्षेत्र में अमृतपुर मोड़ से अंदर पार्क कराया जाएगा।

काठगोदाम में दबाव बढ़ा तो बदलेगा नैनीताल का रास्ता

वीकेंड पर काठगोदाम क्षेत्र में वाहनों का दबाव ज्यादा होने पर दोपहर 3 बजे के बाद नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे वाहन मस्जिद तिराहे से नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय होते हुए रूसी बाईपास प्रथम के रास्ते कालाढूंगी से अपने गंतव्य तक जाएंगे।

पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू की बसें अपने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होंगी। उनके रूट में बदलाव नहीं किया गया है।

पुलिस ने वीकेंड पर यात्रा करने वाले लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और घर से निकलने से पहले अपने सफर की योजना बना लें…ताकि रास्ते में जाम और परेशानी से बचा जा सके।

ADVERTISEMENTSAdAd
Leave A Reply

Your email address will not be published.