खबर शेयर करें –
हल्द्वानी। उत्तराखंड जल संस्थान के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर लोगों को फर्जी WhatsApp मैसेज भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों में बिल जमा नहीं होने या कंज्यूमर आईडी अपडेट न होने की बात कहकर पानी का कनेक्शन काटने की धमकी दी जा रही है।
जल संस्थान ने उपभोक्ताओं से ऐसे संदेशों से सावधान रहने और किसी भी अनजान नंबर या संदिग्ध लिंक पर कार्रवाई नहीं करने की अपील की है।
ADVERTISEMENTS
कनेक्शन काटने का डर दिखाकर भेजे जा रहे मैसेज
फर्जी संदेशों में उपभोक्ता पहचान संख्या का उल्लेख किया जा रहा है। इसके साथ एक निजी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा जाता है। मैसेज में जल्द कार्रवाई नहीं करने पर पानी का कनेक्शन काटने की बात कही जा रही है।
इसके अलावा बकाया बिल के भुगतान के नाम पर WhatsApp के जरिए KYC कराने और APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भी कहा जा रहा है। जल संस्थान ने इस तरह के संदेशों को लेकर उपभोक्ताओं को सतर्क किया है।
निजी और बैंक की जानकारी साझा न करें
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली ने लोगों से कहा है कि अनजान व्यक्ति के कहने पर अपनी निजी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक को खोलने या मोबाइल में अनजान फाइल डाउनलोड करने से भी बचें।
अगर पानी के बिल या कनेक्शन से जुड़ी कोई जानकारी लेनी है तो जल संस्थान के अधिकृत कार्यालय या अधिकारी से इसकी पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
OTP और UPI PIN भी न बताएं
विभाग ने उपभोक्ताओं को OTP, UPI PIN, बैंक खाते की जानकारी और KYC दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने को कहा है। किसी संदिग्ध WhatsApp मैसेज या फोन कॉल पर तुरंत भरोसा करने से भी बचने की सलाह दी गई है।
जल संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर पानी और सीवर बिल से जुड़ी ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध हैं। विभाग ने उपभोक्ताओं को बिल संबंधी जानकारी के लिए अधिकृत माध्यम का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
अधिकारियों को जागरूकता अभियान के निर्देश
इस मामले को लेकर जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक डीके सिंह की ओर से अधिशासी अभियंताओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। विभागीय कर्मचारियों को भी उपभोक्ताओं को इस तरह की साइबर ठगी के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
अगर किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है या ठगी का प्रयास किया जाता है तो इसकी सूचना पुलिस या साइबर अपराध विभाग को देने की अपील की गई है।
ADVERTISEMENTS
