खबर शेयर करें –
बहादराबाद/हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में शादी के बाद घर में लूट की घटना ने परिवार को हैरान कर दिया। दौलतपुर गांव में नवविवाहिता और उसके साथ आए चार लोगों पर घर से नकदी और सामान ले जाने का आरोप लगा है। परिवार के शक के बाद सभी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 70 हजार रुपये, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया है। जिस बोलेरो से सभी जाने की तैयारी में थे…उसे भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार दौलतपुर निवासी योगेश पुरी की शादी रुकमीना से हुई थी। शादी के बाद परिवार के सभी लोग घर में मौजूद थे। रात में सभी अपने-अपने स्थान पर सो गए।
आरोप है कि इसी दौरान योगेश को नशीला पदार्थ दिया गया…जिसके बाद वह बेहोश हो गया। इसके बाद घर से 70 हजार रुपये और कुछ सामान ले लिया गया।
अगली सुबह दुल्हन और उसके साथ आए लोग वहां से निकलने लगे। दुल्हन के कुछ दिन बाद वापस आने की बात कहने पर परिवार को संदेह हुआ। जब योगेश को बेहोशी की हालत में देखा गया तो परिवार ने साथ आए लोगों की गाड़ी की तलाशी ली।
परिवार के मुताबिक बोलेरो से 70 हजार रुपये और अन्य सामान मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने आरोपितों की पहचान रुकमीना, अब्दुल बारी, रागिनी पाल, पुनीत कुमार और फतेह सिंह मीणा के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक आरोपित अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया। रिपोर्ट के अनुसार, अदालत से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर इस तरह की अन्य घटनाओं से भी आरोपितों के संबंध की जांच कर रही है।
ADVERTISEMENTS
