खबर शेयर करें –
हल्द्वानी: हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या को कम करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। केंद्र सरकार ने क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें बनभूलपुरा स्थित गौला पुल से नरीमन तिराहे तक फोरलेन सड़क और नगला से लालकुआं वन विभाग गोदाम तक करीब सात किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण शामिल है।
इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हल्द्वानी और लालकुआं में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। खासकर उन इलाकों को राहत मिल सकती है….जहां रोजाना वाहनों का दबाव अधिक रहता है।


पहली परियोजना के तहत बनभूलपुरा स्थित गौला पुल से नरीमन तिराहे तक सड़क को फोरलेन किया जाएगा। यह मार्ग हल्द्वानी के व्यस्त मार्गों में शामिल है और यहां बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है।
फोरलेन बनने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के लिए ज्यादा जगह उपलब्ध होगी। इससे ट्रैफिक का दबाव कम करने और जाम की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
दूसरी परियोजना लालकुआं क्षेत्र से जुड़ी है। इसके तहत नगला से लालकुआं वन विभाग गोदाम तक करीब सात किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया जाएगा।
इस बाईपास का उद्देश्य लालकुआं बाजार और रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में यातायात के दबाव को कम करना है। इसके बनने के बाद पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों और अन्य बाहरी यातायात को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत कम हो सकती है।
जानकारी के अनुसार करीब दो महीने पहले एनएचएआई के अधिकारियों ने दोनों परियोजनाओं से जुड़ा विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा था। अब मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से हल्द्वानी और लालकुआं की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ ही यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। इसका फायदा स्थानीय लोगों के साथ-साथ कुमाऊं आने-जाने वाले यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को भी मिल सकता है।
