खबर शेयर करें –
उत्तराखंड: हल्द्वानी में जंगलों के लिए पहला एआई कान
उत्तराखंड के हल्द्वानी वन प्रभाग ने भारत का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फॉरेस्ट एकोस्टिक सर्विलांस सिस्टम सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया है। यह तकनीक जंगलों में गैरकानूनी कटाई, वन्यजीव अपराध और तस्करी का पता लगाने के लिए ध्वनि के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी करती है।


इस व्यवस्था में एआई, एज कंप्यूटिंग, एकोस्टिक सेंसर और लंबी दूरी के वायरलेस संचार का इस्तेमाल किया गया है। सोलर ऊर्जा और रिचार्जेबल बैटरी से चलने वाला यह सिस्टम उन दूरदराज के जंगलों में भी काम करता है जहां मोबाइल नेटवर्क या बिजली की सुविधा नहीं है।
वन अधिकारियों का कहना है कि यह तकनीक जंगल के भीतर एक बुद्धिमान डिजिटल कान की तरह काम करती है। संदिग्ध गतिविधियों का तुरंत पता चलने से फ्रंटलाइन कर्मियों की सुरक्षा बढ़ेगी और वन्यजीवों की निगरानी भी बेहतर होगी। उत्तराखंड ने इस पहल के जरिए भविष्य के लिए स्मार्ट और सुरक्षित जंगलों की राह दिखाई है।
