उत्तराखंड में आज से शुरू होगी मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना, युवाओं को मिलेगी फ्री ऑनलाइन कोचिंग

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए आज एक महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार का प्रयास है कि पैसे की कमी की वजह से किसी युवा को अपने करियर और सरकारी नौकरी के सपने से पीछे न हटना पड़े।

ADVERTISEMENTSAdAd

इन परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद

योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों और शासकीय व सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इसमें UPSC और राज्य लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षाओं, CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।

इसके अलावा युवाओं को CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

पहाड़ के युवाओं को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का लाभ खास तौर पर उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को मिल सकता है। अभी तक बेहतर कोचिंग के लिए कई युवाओं को देहरादून, दिल्ली या दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।

ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने से युवा घर बैठे विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

सरकार की इस पहल से प्रदेश के उन युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है…जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से महंगी कोचिंग नहीं ले पाते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.