उत्तराखंड: जनता के बीच जाकर समस्याएं सुनें अधिकारी, भीमताल में बैठक के दौरान दिए गए सख्त निर्देश

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

भीमताल: उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन भीमताल के सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की गई।

ध्रुव रौतेला ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की प्रमुख योजनाओं के साथ विभागीय योजनाओं का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि लोगों को उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी मिल सके।

ADVERTISEMENTSAdAd

उन्होंने अधिकारियों से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े काम समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाने चाहिए।

अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और विभागों में चल रहे विकास कार्यों तथा नए प्रयासों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

ध्रुव रौतेला ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनहित के लिए संचालित योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को तय समय में पूरा करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक के दौरान जल जीवन मिशन के तहत जनपद में पेयजल विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली गई। इसके अलावा विभिन्न विभागों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

बैठक के बाद उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने भीमताल झील क्षेत्र में बोगनवेलिया का पौधा भी लगाया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को बेहतर बनाए रखने की दिशा में पौधरोपण के महत्व पर जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राना, सहायक परियोजना अधिकारी चंदा फर्त्याल सहित विद्युत विभाग, पेयजल निगम, जल संस्थान और अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.