खबर शेयर करें –
नैनीताल। शहर में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका परिषद नैनीताल को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने शहर के सभी वार्डों में लगी स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जांच कर नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि नगर पालिका क्षेत्र में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों का वार्डवार रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इसमें प्रत्येक वार्ड में कुल कितनी लाइटें लगी हैं, इनमें से कितनी चालू हैं और कितनी खराब हैं….इसकी स्पष्ट जानकारी शामिल होनी चाहिए।


दीपक रावत ने खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के लिए की गई कार्रवाई का भी वार्डवार रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में रात के समय लोगों के आवागमन को देखते हुए स्ट्रीट लाइटों का चालू रहना जरूरी है। खराब लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए।
आयुक्त ने नगर पालिका को प्रतिदिन की कार्ययोजना तैयार करने और दो कर्मचारियों की ड्यूटी स्ट्रीट लाइटों के निरीक्षण के लिए लगाने को कहा है। दोनों कर्मचारी वाहन से नगर पालिका क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में जाकर लाइटों की स्थिति की जांच करेंगे।
रोजाना आयुक्त कार्यालय को भेजनी होगी रिपोर्ट
निरीक्षण के दौरान किस वार्ड में कितनी स्ट्रीट लाइटें खराब मिलीं और उनमें से कितनी लाइटों को ठीक कराया गया….इसका विवरण रोजाना तैयार किया जाएगा। यह रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कुमाऊं आयुक्त ने स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा है। उन्होंने खराब लाइटों को प्राथमिकता के साथ ठीक कराने और व्यवस्था को नियमित रूप से चालू रखने के निर्देश दिए हैं।
