खबर शेयर करें –
देहरादून। उत्तराखंड की प्रस्तावित साइंस सिटी देहरादून परियोजना को जल्द पूरा करने की दिशा में केंद्र सरकार की ओर से महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। परियोजना में सामने आई करीब 39 करोड़ रुपये की गैप फंडिंग को पूरा करने के लिए केंद्र ने अपने हिस्से से 14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने का फैसला किया है।
इस संबंध में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर केंद्र के फैसले की जानकारी दी है। केंद्र की ओर से मिलने वाली यह अतिरिक्त राशि परियोजना में शामिल नए और जरूरी कार्यों की लागत को पूरा करने में इस्तेमाल की जाएगी।
साइंस सिटी परियोजना के लिए कुल करीब 39 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की जरूरत बताई गई है। इसमें संस्कृति मंत्रालय करीब 14 करोड़ रुपये का हिस्सा वहन करेगा…जबकि करीब 25 करोड़ रुपये उत्तराखंड सरकार और यूकोस्ट की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री के पत्र के मुताबिक परियोजना की समीक्षा के दौरान सामने आए निष्कर्षों के आधार पर मंत्रालय ने अतिरिक्त केंद्रीय हिस्से के रूप में 14 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
बताया गया है कि केंद्र से मिलने वाली 14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी मूल परियोजना के वित्तीय ढांचे के अनुसार 60:40 के अनुपात में राज्य सरकार के साथ साझा की जाएगी। यह राशि परियोजना में जोड़े गए नए और अनिवार्य घटकों की लागत से जुड़ी है।
केंद्र की अतिरिक्त फंडिंग मिलने से परियोजना के लिए जरूरी आर्थिक संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी और इसके निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का रास्ता आसान होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में बनने वाली साइंस सिटी विद्यार्थियों, युवाओं और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी। यहां आधुनिक वैज्ञानिक ज्ञान, नवाचार और विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सुविधाएं विकसित की जानी हैं।
सरकार का मानना है कि साइंस सिटी के विकसित होने से उत्तराखंड में विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन और सीखने का बेहतर अवसर मिल सकेगा।
केंद्र की ओर से 14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने का निर्णय साइंस सिटी देहरादून परियोजना के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। करीब 39 करोड़ रुपये की गैप फंडिंग में केंद्र और राज्य दोनों की हिस्सेदारी तय होने के बाद परियोजना को पूरा करने के लिए जरूरी वित्तीय व्यवस्था को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ADVERTISEMENTS
