उत्तराखंड: सीएम धामी ने बारिश और आपदा प्रबंधन की स्थिति का लिया अपडेट, अधिकारी अलर्ट मोड पर

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेशभर में निगरानी और तैयारियां तेज कर दी हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में मौजूद रहकर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित चुनौतियों की जानकारी ली। अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ADVERTISEMENTS

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से लगातार निगरानी

सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिलों से नियमित रूप से फीडबैक लिया जा रहा है…ताकि किसी भी घटना की जानकारी समय पर मिल सके और जरूरत पड़ने पर राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने भी लिया बारिश की स्थिति का अपडेट

प्रेस रिलीज के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेश में बारिश और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद सभी जिलों और संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने को कहा गया है।

फील्ड में अधिकारी और टीमें अलर्ट मोड पर

अधिकारियों के मुताबिक फील्ड में सभी टीमें और अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधनों को तैयार रखा गया है। जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

भूस्खलन और नदी-नालों वाले क्षेत्रों पर नजर

बारिश के दौरान भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय रखने के साथ किसी भी घटना की सूचना तत्काल राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने के निर्देश हैं।

जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव टीमों को तुरंत मौके पर भेजने की व्यवस्था रखने को भी कहा गया है।

27 सितंबर को कई जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग की 27 सितंबर की चेतावनी को देखते हुए जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, उत्तरकाशी, चमोली और ऊधमसिंह नगर में ऑरेंज अलर्ट तथा नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

नदी-नालों के पास आवाजाही रोकने के निर्देश

अधिकारियों को बारिश के दौरान नदी-नालों और गदेरों के आसपास अनावश्यक आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति की जानकारी लगातार उपलब्ध कराने को कहा गया है।

पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, पेयजल समेत अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

आपदा प्रबंधन सचिव ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सभी अधिकारी और फील्ड टीमें पूरी तरह सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के साथ राहत और बचाव कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेश की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

ADVERTISEMENTS

Leave A Reply

Your email address will not be published.