उत्तराखंड में 11 नवंबर को भाई दूज के सार्वजनिक अवकाश का फर्जी आदेश वायरल

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

सोशल मीडिया पर भ्रामक आदेश प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड में भैया दूज के अवसर पर 11 नवंबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने का एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शासन ने इसका खंडन किया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि 11 नवंबर को भैया दूज का अवकाश घोषित करने संबंधी आदेश पूरी तरह कूटरचित और निराधार है।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से 9 नवंबर 2026 को सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक को भेजे गए पत्र में इस मामले की जानकारी दी गई है। पत्र में बताया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर 11 नवंबर को भैया दूज का अवकाश घोषित करने का फर्जी आदेश प्रसारित किया गया है।

शासन के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 17 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना संख्या 1457 जारी की गई थी। इसी आदेश में कूटरचना कर 11 नवंबर को भैया दूज का अवकाश दर्शाते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।

सचिव ने सूचना विभाग से प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से इस फर्जी आदेश का खंडन प्रसारित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही फर्जी आदेश जारी करने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने का विषय भी पत्र में उठाया गया है।

शासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अवकाश संबंधी आदेश पर भरोसा न करें और किसी भी सरकारी आदेश की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से ही करें।

ADVERTISEMENTSAdAd
Leave A Reply

Your email address will not be published.