उत्तराखंड: बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद बाहर से लगाया ताला, पांच पुलिस टीमें जांच में जुटीं

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

रायवाला (देहरादून): मोतीचूर रेलवे लाइन के पास भगत सिंह कॉलोनी में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला अपनी छह साल की पोती की देखभाल और पढ़ाई के लिए किराये के कमरे में रहती थीं। सोमवार को बच्ची को स्कूल छोड़ने के बाद वह अपने कमरे में लौटी थीं…लेकिन कुछ समय बाद उनकी जिंदगी का दुखद अंत हो गया।

मृतका की पहचान खजानी देवी के रूप में हुई है। उनके दाहिने गाल पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला की हत्या के बाद कमरे के बाहर ताला लगा दिया गया था। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह खजानी देवी अपनी छह वर्षीय पोती को स्कूल छोड़ने गई थीं। इसके बाद वह पड़ोस में आयोजित पूजा कार्यक्रम में शामिल हुईं और फिर वापस अपने किराये के कमरे में आ गईं।

स्कूल की छुट्टी के समय जब बच्ची को लेने उसकी दादी नहीं पहुंचीं तो स्कूल प्रशासन ने परिवार को सूचना दी। पड़ोस में रहने वाले दामाद पंकज थापा बच्ची को लेकर खजानी देवी के कमरे पर पहुंचे।

पंकज थापा ने कमरे पर पहुंचकर देखा तो दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। उन्होंने खजानी देवी से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की….लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। महिला का कोई पता नहीं चलने पर वह बच्ची को अपने घर ले गए।

शाम को दोबारा कमरे पर पहुंचे तो भी ताला नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने खजानी देवी के बेटे संजय पुंडीर को मामले की जानकारी दी। संजय मौके पर पहुंचे और कमरे का ताला तोड़ा गया।

कमरे के अंदर जाने पर खजानी देवी बाथरूम में मृत पड़ी मिलीं। उनके चेहरे पर चोट के निशान देखकर परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लिया।

परिवार के अनुसार खजानी देवी का बेटा संजय पुंडीर अपनी पत्नी के साथ रानीपोखरी के काटल गड़ूल गांव में रहता है। बच्ची की पढ़ाई के लिए खजानी देवी ने मोतीचूर में किराये का कमरा लिया था। आसपास बेटी और दामाद का परिवार भी रहता था।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हमलावर महिला की रोजाना की दिनचर्या से परिचित था। पुलिस के सामने यह सवाल भी है कि महिला के पोती को स्कूल जाने के बाद अकेले रहने की जानकारी किसे थी।

घटना के समय और उससे पहले महिला से मिलने-जुलने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।

रायवाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले की पड़ताल के लिए पांच पुलिस टीमों को लगाया गया है।

महिला के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

Leave A Reply

Your email address will not be published.