उत्तराखंड: बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा मिलेगा? अजय भट्ट ने दिया बड़ा अपडेट, सरकार की तैयारी तेज
खबर शेयर करें –
हल्द्वानी। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग को नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता के लोगों की मांग को लेकर सरकार गंभीर है और जल्द सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है।
अजय भट्ट ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर वन मंत्री सुबोध उनियाल से फोन पर बातचीत की है। उनके अनुसार वन मंत्री ने भी जल्द सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को कैबिनेट के सामने लाकर आगे की प्रक्रिया के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रही है।
सांसद ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने का मुद्दा वह पहले लोकसभा में भी उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से मालिकाना हक की मांग कर रहे हैं और सरकार इस मामले को जनभावनाओं के अनुरूप आगे बढ़ा रही है।
अजय भट्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले के परीक्षण के लिए वन मंत्री की अध्यक्षता में एक समिति और मुख्य सचिव की अध्यक्षता में दूसरी समिति गठित की है। इन समितियों के स्तर पर मामले का परीक्षण किया जा रहा है।
बिंदुखत्ता में राजस्व गांव की मांग को लेकर 27 सितंबर को भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रैली निकालकर अपनी मांग उठाई थी। यह मांग लंबे समय से क्षेत्र में चल रहे आंदोलन का हिस्सा है।
अजय भट्ट ने कहा कि बिंदुखत्ता के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि जल्द इस मामले में ठोस निर्णय सामने आएगा।
ADVERTISEMENTS
