उत्तराखंड: नौकरी के लिए पहाड़ छोड़ने की मजबूरी होगी खत्म? CM धामी ने छात्रों को बताई सरकार की तैयारी

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से बातचीत की। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, अग्निवीर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और नई सोच की कोई कमी नहीं है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को आगे बढ़ने के लिए राज्य में ही बेहतर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो…इसके लिए औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ाया जा रहा है।

ADVERTISEMENTSAdAd

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करने में देश के युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ नई तकनीक, नवाचार और बदलती जरूरतों के अनुरूप कौशल हासिल करें।

शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है और 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

विज्ञान और तकनीक को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की जा रही है। प्रदेश में STEM लैब, साइंस और इनोवेशन से जुड़ी गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के जरिए बच्चों में वैज्ञानिक सोच तथा प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर जिले में टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को डिमांड के अनुसार आधुनिक स्किल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही खेलों के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र शौर्य ने युवा आयोग को लेकर सवाल किया। जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम करेगा।

छात्र दक्ष ने ‘सपनों का उत्तराखंड’ को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड तैयार करना चाहती है, जहां युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए पलायन न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को राज्य में बेहतर बनाया जा रहा है। किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है…जिससे उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

अग्निवीरों के भविष्य को लेकर छात्रा चंद्रा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सजग है। इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है। वहीं एआई और तकनीक से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चुनौती के साथ एक अवसर भी है। युवाओं को समय के साथ तकनीकी बदलावों को समझना और उसके अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

भ्रष्टाचार को लेकर छात्रा प्रभजोत के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो इसकी शिकायत टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से की जा सकती है। मुख्यमंत्री के अनुसार शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों की जांच की जाती है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि नशे का असर सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता…बल्कि इससे पूरे परिवार के सपने प्रभावित होते हैं। उन्होंने युवाओं से खुद नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को मेहनत, सीखने की इच्छा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को अवसर और संसाधन उपलब्ध करा सकती है…लेकिन उन अवसरों का लाभ उठाकर सफलता हासिल करना युवाओं के अपने प्रयास पर निर्भर करता है।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.