खबर शेयर करें –
कालाढूंगी। नैनीताल से रामनगर जा रहे पर्यटकों का सफर गुरुवार को हादसे में बदल गया। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर घटगढ़ मंगोली के पास पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर नैनीताल से पर्यटकों को लेकर रामनगर की तरफ जा रही थी। दोपहर करीब 12:20 बजे पुलिस को वाहन पलटने की सूचना मिली। इसके बाद कालाढूंगी कोतवाली की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस को घटनास्थल पर हरियाणा नंबर का टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलटा हुआ मिला। वाहन चालक आशीष वर्मा भी मौके पर मौजूद था। दुर्घटना में यात्रियों को हल्की चोटें और खरोंचें आईं। पुलिस ने यात्रियों की स्थिति का जायजा लिया और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
हादसे के बाद सड़क पर पलटे वाहन को हटवाया गया…जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया। पर्यटकों के लिए राहत की बात रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।


