रामनगर महिला हत्याकांड का खुलासा, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची गई खौफनाक साजिश!

KhabarPahad-App

खबर शेयर करें –

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश और बदले की भावना सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे, लोहे का पाना और पत्थर समेत अन्य सामान बरामद किया है।

मामला 10 नवंबर का है। डायल 112 के जरिए रामनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि किशनपुर छोई गांव में एक घर के बाहर महिला का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की पहचान 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट के रूप में हुई। महिला के शरीर पर चोटों के कई गंभीर निशान थे। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतका के बेटे कुंदन सिंह बिष्ट की शिकायत पर रामनगर कोतवाली में हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट करते और उसे जबरन ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद आरोपी एक वाहन से महिला का शव घटनास्थल के पास फेंकते नजर आए। तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों की पहचान कर ली।

पुलिस की जांच में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक मोहित अपने पिता की पहले हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या कर दी।

पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। वहीं उसके दो अन्य साथी सैरान और मोहम्मद अब्बूजर को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय पकड़ लिया गया…जब वे शहर से फरार होने की तैयारी में थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना और एक पत्थर बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा भी बरामद किया गया है।

एसएसपी नैनीताल ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस और एसओजी टीम के लिए 2 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। इस कार्रवाई में रामनगर कोतवाली पुलिस और एसओजी के कई अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

ADVERTISEMENTSAdAd
Leave A Reply

Your email address will not be published.