खबर शेयर करें –
हल्द्वानी। गौला नदी में खनन कार्य से जुड़े वाहन स्वामियों ने अपनी मांगों को लेकर हल्द्वानी में प्रदर्शन किया। वाहन स्वामियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया और प्रशासन से पुराने नियमों के आधार पर खनन वाहनों का संचालन कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे वाहन स्वामियों का कहना है कि वे लंबे समय से गौला नदी में खनन कार्य से जुड़े हैं, लेकिन हर साल परिवहन विभाग और वन विकास निगम की ओर से नए-नए नियम लागू कर दिए जाते हैं। इससे वाहन स्वामियों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है।
वाहन स्वामियों ने कहा कि लंबे समय से उनके वाहनों के स्वामित्व परिवर्तन की मांग भी उठाई जा रही है…लेकिन जिला प्रशासन ने अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उनका आरोप है कि एक तरफ पुरानी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है वहीं दूसरी तरफ नए नियम लागू कर उनकी परेशानियां बढ़ाई जा रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गौला नदी में पहले की व्यवस्था के तहत ही खनन वाहनों का संचालन कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो सभी वाहन स्वामी उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। साथ ही गौला नदी के किसी भी खनन गेट पर काम नहीं होने देने की चेतावनी भी दी।


